महू। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘अभिमन्यु अभियान-03’ के तहत, इंदौर पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एस.डी.ओ.पी. महू के मार्गदर्शन में दिनांक 28 सितंबर 2025 को महू में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उपनिरीक्षक (SI) नाइज़ा रावत, थाना महू के नेतृत्व में पुलिस दल (जिसमें एएसआई दुर्गेश,प्रधान आरक्षक अशोक, प्रधान आरक्षक पंकज राजपूत,आरक्षक लक्ष्मण और आरक्षक देवेन्द्र गुर्जर ने एम्बिशन कोचिंग, महू में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य लैंगिक समानता, महिलाओं के प्रति सम्मान,संवेदनशीलता और अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।एसआई नाइज़ा रावत ने छात्रों को अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया और विशेष रूप से पुरुषों में लैंगिक समानता तथा एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने पर ज़ोर दिया।
उन्होंने बच्चों को सामाजिक, नैतिक, मनोवैज्ञानिक और कानूनी ज्ञान देकर जागरूक किया। इस दौरान अपराधों की जानकारी, उनके दुष्परिणाम और समाज में व्याप्त अश्लीलता को दूर कर शिक्षा पर ज़ोर देने की महत्ता समझाई गई। करीब 120 छात्र-छात्राएँ और शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिन्हें शपथ भी दिलाई गई।
जागरूकता शिविर के उपरांत, पुलिस टीम ने बस स्टैण्ड, सर्किट हाउस चौक तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए। इन स्थानों पर महिला एवं पुरुषों के साथ अभिमन्यु अभियान-03 के संबंध में चर्चा की गई और उन्हें जागरूक किया गया। यह अभियान बच्चों और नागरिकों को सुरक्षित तथा सम्मानजनक माहौल प्रदान करने की दिशा में पुलिस का एक सराहनीय प्रयास है



                                    
