महू तहसील के मानपुर मे आवलीपुरा स्थित आईएएस वंदना वैद्य के फार्महाउस पर पकड़े गए बहुचर्चित जुआ कांड की जांच में पुलिस को नए सुराग मिले हैं। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान मानपुर के रामपुरिया निवासी होटल व्यवसायी महेंद्र पटेल उर्फ लाला का नाम सामने आया है। पुलिस ने उसके खिलाफ भी प्रकरण में आरोपी के रूप में नाम जोड़ लिया है, हालांकि अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं इस पूरे मामले का मुख्य सरगना जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा अब भी फरार चल रहा है।
पुलिस ने शुक्रवार को फार्महाउस के केयरटेकर रंजीज जाट के साथ ऋषि यादव और अर्जुन को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपियों से देर रात तक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि जुआ खेलने की व्यवस्था शुरू कराने में होटल व्यवसायी महेंद्र की अहम भूमिका थी। इसी आधार पर पुलिस ने उसे भी इस मामले में आरोपी बना लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पकड़े गए ऋषि और अर्जुन जुआ खेलने आए लोगों के लिए खाने-पीने और चाय-नाश्ते की व्यवस्था करते थे। यह सामान महेंद्र के होटल से ही मंगवाया जाता था। इससे पुलिस को जुआ संचालन में उसकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं।
एएसपी रुपेश द्विवेदी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में महेंद्र के जुआ संचालन से जुड़े कनेक्शन सामने आए हैं। इसी के आधार पर उसे मामले में आरोपी बनाया गया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है, जबकि मुख्य सरगना जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।




