खाई किनारे शराब बनी जानलेवा: तिंछा फाल में दो युवकों की मौत,परिवार ने हत्या की आशंका जताई

महू तहसील के सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तिंछा फाल पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। खाई के किनारे बैठकर शराब पी रहे दो युवक अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार के अनुसार घटना की सूचना अभिनय पुत्र नारायण पाठक (31) निवासी स्कीम नंबर-114, विजय नगर इंदौर ने पुलिस को दी। अभिनय ने बताया कि उनका देवास नाका क्षेत्र में एसएस-1 आरओ चिल्ड वाटर प्लांट है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात वह अपने दो परिचितों के साथ घूमने के लिए तिंछा फाल पहुंचे थे।

बताया गया कि रात करीब 3 से 4 बजे के बीच तीनों युवक गहरी खाई के किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दो युवक खाई में गिर गए। हादसे में अशोक (35) पिता शंकरलाल निवासी ग्राम रलायता थाना गौतमपुरा और सुमित निवासी राजीव आवास विहार इंदौर की मौके पर ही मौत हो गई। अशोक देपालपुर मंडी में व्यापार करता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और क्रेन की मदद से दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में खाई के किनारे बैठकर शराब पीते समय पैर फिसलने से हादसा होना सामने आया है।लेकिन परिजनों का कहना है की वहा के चौकीदार से जब बात हुई तो उसका कहना था की देर रात को मौके से लड़ाई झगड़े की आवाज़ आ रही थी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।