महू तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम थवलाए में शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ नारकोटिक्स (CBN) की संयुक्त टीम ने एक मकान में संचालित अवैध एमडी ड्रग्स निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई नीमच और मंदसौर इकाइयों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

सूत्रों के अनुसार, मौके से करीब 44 किलो क्रिस्टल एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स सहित भारी मात्रा में रासायनिक पदार्थ, मशीनरी और उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। टीम को मौके पर अत्याधुनिक रिएक्टर, कंडेनसर यूनिट, केमिकल कंटेनर और सुरक्षा उपकरण भी मिले, जिससे स्पष्ट होता है कि यहाँ बड़े स्तर पर ड्रग्स का उत्पादन किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पूरे परिसर को सील कर दिया और साक्ष्य एकत्र किए। फैक्ट्री में मौजूद रसायनों और उपकरणों को सुरक्षित जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क के तार अन्य राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं, जिसकी गहन जांच जारी है।
यह छापेमारी महू (डॉ. अंबेडकर नगर) क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा आरोपियों की तलाश जारी है।
CBN अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि इस प्रकार के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



