Friday, March 27, 2026

Top 5 This Week

spot_img

महू में अंबेडकर जयंती पर मार्ग बाधा को लेकर संगठनों की आपत्ति,मंच-डोम को स्थानांतरित करने की मांग

सैकड़ों संगठनों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की उठाई मांग

महू (इंदौर)। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में हर वर्ष आयोजित होने वाले जयंती कार्यक्रम को लेकर इस बार विवाद खड़ा हो गया है। डॉ. अंबेडकर सामाजिक एकता संगठन, जिला इंदौर सहित कई सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य सड़क पर बनाए जाने वाले डोम और मंच को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि 12, 13 और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती के अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु महू पहुंचते हैं। विशेष रूप से 13 और 14 अप्रैल को देर रात तक भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में जन्मभूमि स्मारक के सामने मुख्य मार्ग पर डोम और मंच बनाए जाने से रास्ता संकरा हो जाता है, जिससे आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न होती है।

संगठनों का कहना है कि इस संकरी व्यवस्था के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी भीड़ में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार धक्का-मुक्की, घुटन और बेहोशी जैसी स्थिति भी बन जाती है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2021 से पहले मंच और डोम स्मारक के बाहर मुख्य मार्ग पर नहीं लगाए जाते थे, जिससे भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती थी। लेकिन पिछले तीन वर्षों से सड़क पर अस्थायी निर्माण के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।

संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि 14 अप्रैल को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए डोम और मंच का निर्माण मुख्य सड़क से हटाकर अन्य स्थान पर किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पर्याप्त जगह मिल सके और वे सुरक्षित रूप से दर्शन कर सकें।

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि वर्तमान व्यवस्था के चलते कोई जनहानि होती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। संगठनों ने जनहित और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles