इलाज के दौरान फोटो लेकर ब्लैकमेल का आरोप, फार्म हाउस पर दुष्कर्म; ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन, कई धाराओं में केस दर्ज
महू तहसील के बदगोंदा थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर सईद पुत्र गुलजार खान को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर आगजनी और तोड़फोड़ कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह गुर्जरखेड़ा के होली चौक स्थित आरोपी के क्लिनिक पर इलाज के लिए गई थी। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने उसे नशे का इंजेक्शन लगाकर उसके साथ गलत कृत्य किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए।
इसके बाद आरोपी लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। रविवार को आरोपी ने पीड़िता को बेलामोर स्थित फार्म हाउस पर बुलाया, जहां उसके साथ फिर दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद पीड़िता जब बाहर निकली तो उसे कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मिले। पीड़िता ने उन्हें पूरी घटना बताई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर बदगोंदा थाने पहुंचाया।
इधर, घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की और आगजनी कर दी। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




