Friday, March 27, 2026

Top 5 This Week

spot_img

‘लव जिहाद’ के आरोपी के घर में तोड़फोड़ व आगजनी करने वाले हिंदुओं की गिरफ्तारी पर चक्का जाम,एसडीओपी और थाना प्रभारी को हटाने की माँग

आम्बाचंदन के तीन आरोपित गिरफ्तार होते ही भड़का हिंदू संगठन, बच्चों से भरी स्कूल बसें जाम में फंसी

महू शहर में रविवार को ‘लव जिहाद’ के आरोपित के घर में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस द्वारा आम्बाचंदन के तीन आरोपितों की देर रात गिरफ्तारी के बाद सोमवार को माहौल अचानक गरमा गया। आक्रोशित हिंदू संगठनों ने पहले महू कोतवाली थाने का घेराव किया और फिर सैकड़ों लोगों के साथ पैदल मार्च निकालते हुए किशनगंज नाका रेलवे ओवरब्रिज पर चक्का जाम कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस हंगामे में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए, वहीं एक स्कूल बस में बैठे छोटे बच्चे तेज धूप में परेशान होते नजर आए, जिससे हालात और भी संवेदनशील बन गए।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मौके पर ही विधायक उषा ठाकुर को बुलाने की मांग रखी। करीब दो घंटे तक विधायक के नहीं पहुंचने पर भीड़ का गुस्सा और बढ़ गया और इस दौरान विधायक के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई।

आखिरकार शाम करीब 5 बजे विधायक उषा ठाकुर मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने आरोपितों की जमानत में सहयोग करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद माहौल कुछ शांत हुआ।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महू कोतवाली थाना प्रभारी राहुल शर्मा और एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार को हटाने की मांग भी जोर-शोर से उठाई।

करीब 3.30 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles