महू, इंदौर।
विकासखंड डॉ. अंबेडकर नगर महू के मुख्य विकासखंड चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारियों को समय पर चेक-इन और चेक-आउट दर्ज नहीं करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जारी पत्रों में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारी “सार्थक एप” पर नियमित रूप से ड्यूटी समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं।
पत्रों के अनुसार, शासन के नियमों के तहत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समय पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य है, लेकिन कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद लापरवाही जारी रही। यही नहीं, कुछ मामलों में अन्य स्थानों से चेक-इन करने और चेक-आउट दर्ज नहीं करने की भी शिकायत सामने आई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर चेक-आउट दर्ज नहीं किया गया तो वेतन आहरण पर रोक भी लगाई जा सकती है। साथ ही संबंधित कर्मचारियों से 2 कार्य दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो विभागीय नियमों के अनुसार वेतन कटौती सहित अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों की होगी।
इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है और कर्मचारियों में समय पालन को लेकर गंभीरता बढ़ गई है।




