महू, 6 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर महू के अतिप्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री गोपाल मंदिर में सोमवार को भव्य आयोजन किया गया। दिनभर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने पहुंचे।
मंदिर में दिनभर दर्शन क्रम के साथ भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। मंगला दर्शन में श्रद्धालुओं को पुदीना चाय का प्रसाद वितरित किया गया, जबकि श्रृंगार दर्शन में फुलेरा अर्पित किया गया। ग्वाल दर्शन में मक्खन-मिश्री का भोग लगाया गया। इसके बाद राजभोग दर्शन में भगवान को 56 भोगों का भव्य प्रसाद अर्पित किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर सुवासित हो उठा।
उत्थापन दर्शन में फल-फ्रूट का भोग रखा गया और नौका विहार दर्शन में खीरान का आयोजन किया गया। रात्रि 12 बजे पूर्णिमा की आरती के दौरान विशेष रूप से खीर का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे भक्तों में बांटा गया। साथ ही इस अवसर पर मरीजों के लिए दवाइयों का वितरण भी किया गया, जो शरद पूर्णिमा की लोक परंपरा और सेवा भाव का सुंदर उदाहरण रहा।

भक्तों ने चांदनी रात में भगवान गोपाल के दर्शन कर स्वास्थ्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। मंदिर में देर रात तक भजन-कीर्तन और आरती का सिलसिला चलता रहा।



                                    
