महू/मानपुर। महू तहसील के मानपुर मे आवलीपुरा स्थित फार्म हाउस पर पड़े हाईप्रोफाइल जुआ अड्डे की दबिश के बाद अब नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि जुआ खेलने के लिए जगह उपलब्ध कराने और पूरी व्यवस्था कराने में स्थानीय स्तर पर महेंद्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपितों के बयान के आधार पर पुलिस ने महेंद्र पटेल को भी आरोपित बनाया है। इसके बाद से महेंद्र पटेल फरार चल रहा है। वहीं पुलिस टीम भी लगातार पटेल की तलाश कर रही है।
दरअसल 10 मार्च की रात एसडीओपी ललित सिकरवार के नेतृत्व में बड़गोंदा और मानपुर थाने की संयुक्त टीम ने आवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई में 13 लाख रुपये से अधिक, 30 मोबाइल और 2 करा जब्त की थी। मामले में मुख्य आरोपित के रूप में जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा का नाम सामने आया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि फार्म हाउस पर जुआ खेलने की व्यवस्था कराने में स्थानीय स्तर पर महेंद्र पटेल की भूमिका थी। बताया जा रहा है कि महेंद्र पटेल ही बाहरी जुआरियों से संपर्क कर उन्हें खेलने के लिए स्थान उपलब्ध कराता था और इसके बदले जुआ संचालन करने वालों से रुपये भी लेता था।
सूत्रों के अनुसार आवलीपुरा के ‘कोठी निवास’ फार्म हाउस पर 20 फरवरी से लगातार एक दिन छोड़कर एक दिन जुआ चल रहा था। देर रात से सुबह तक चलने वाले इस जुए में आसपास के करीब आठ जिलों से जुआरी पहुंचते थे और लाखों रुपये की हार-जीत होती थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पिछले दस दिनों में ही यहां करोड़ों रुपये का दांव लगने की आशंका जताई जा रही है।
इधर पुलिस ने तीन दिन पहले फार्म हाउस के केयरटेकर रंजीत जाट, चौकीदार अर्जुन गिरवाल और ऋषि यादव को भी गिरफ्तार किया है। ये तीनों फार्म हाउस पर ही रहते थे और जुआ संचालन में सहयोग करने के आरोप में पकड़े गए हैं।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जुए के इस अड्डे से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।




