छावनी परिषद गार्डन में वारदात, इंदौर किया गया रेफर
महू। शहर के छावनी परिषद गार्डन में शनिवार शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में फैजान (27) और सोरहब (26) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
टकराने की बात पर बढ़ा विवाद, चाकू से किया हमला
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6:30 बजे की है। गार्डन में ‘टल्ला लगने’ यानी आपस में टकराने की बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो हमलावरों ने चाकू निकालकर फैजान और सोरहब पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल, हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को लहूलुहान हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया।
दो आरोपी चिन्हित, पुलिस कर रही तलाश
कोतवाली थाना पुलिस ने हमलावरों की पहचान रिहान उर्फ निम्मा और रिहान कालिया के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रिहान उर्फ निम्मा का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
मामले की जांच के लिए गार्डन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।




