14 अप्रैल को भव्य आयोजन, एक लाख श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान; पेयजल, भोजन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
डॉ. आंबेडकर नगर (महू) में संविधान निर्माता भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को धूमधाम से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। काली पलटन स्थित जन्मस्थली पर विशेष साज-सज्जा और व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से जारी है।
बुधवार को कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों के साथ जन्मस्थली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बाबा साहब के स्मारक परिसर में बनने वाले मंच, डोम और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही मुख्यमंत्री मोहन यादव के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके बाद उन्होंने स्वर्ग मंदिर प्रांगण पहुंचकर तीन दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया, जहां टेंट और डोम लगाए जा रहे हैं।
एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि भोजनशाला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए भोजन तैयार किया जाता है। आगजनी के खतरे को देखते हुए इस बार भोजन स्थल पर भी विशेष डोम लगाए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
गर्मी से राहत के इंतजाम
अप्रैल की गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। जन्मस्थली, भोजनशाला और ठहरने के स्थानों के साथ ही मार्ग में भी जगह-जगह पानी के पॉइंट लगाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए छांव और कूलर की व्यवस्था भी की जा रही है।
सुविधा के लिए संकेतक लगाए जाएंगे
प्रदेश सहित महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, गुजरात और छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महू पहुंचते हैं। इस बार करीब एक लाख लोगों के आने का अनुमान है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर संकेतक लगाए जाएंगे, जिससे भोजनशाला, पार्किंग और अन्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।
भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
स्वर्ग मंदिर क्षेत्र में भोजन निर्माण की तैयारी की जा रही है। टोकन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को भोजन दिया जाएगा। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
जन्मस्थली पर साज-सज्जा शुरू
जयंती को लेकर जन्मस्थली पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य जारी है। स्मारक परिसर को आकर्षक रूप देने के साथ ही चल रहे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




