आलू पपड़ी कारखाने में हुए बायलर विस्फोट की गंभीर घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़ ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए कारखाने को सील कर दिया। घटना में एक बच्चे के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश भी देखने को मिला।
प्रशासनिक जांच में प्रारंभिक तौर पर कारखाने में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बायलर के रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि जब तक पूरी जांच पूरी नहीं हो जाती और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं होता, तब तक कारखाना बंद रहेगा।
वहीं, अधिकारियों ने संबंधित विभागों को भी जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने अन्य कारखानों को भी चेतावनी दी है कि वे सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, अन्यथा इसी तरह की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




