Monday, July 27, 2026

Top 5 This Week

spot_img

महू में 7 जुलाई से शुरू होगा ‘हर घर दस्तक अभियान’, घर-घर पहुंचकर कचरा पृथक्करण के लिए किया जाएगा जागरूक

31 जुलाई तक चलने वाले अभियान का शुभारंभ कोतवाली चौराहा से होगा, चार रंगों के डस्टबिन के उपयोग पर रहेगा विशेष जोर।

महू, 6 जुलाई।
महू छावनी परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से 7 जुलाई से ‘हर घर दस्तक अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। अभियान का शुभारंभ मंगलवार सुबह 10:15 बजे कोतवाली चौराहा, महू से किया जाएगा। इस अवसर पर छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी ज्योति कपूर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।

यह विशेष अभियान 7 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत परिषद की टीमें घर-घर जाकर नागरिकों को स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए जागरूक करेंगी। लोगों को चार अलग-अलग रंगों के डस्टबिन के उपयोग की जानकारी दी जाएगी, ताकि गीला, सूखा, सैनिटरी तथा ई-वेस्ट एवं अन्य खतरनाक कचरे का सही तरीके से अलग-अलग संग्रह किया जा सके।

अभियान के दौरान स्वच्छता संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क और संवाद के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता में सहभागिता के लिए प्रेरित किया जाएगा। छावनी परिषद ने सभी रहवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों में ही कचरे को अलग-अलग रखें और स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

परिषद का लक्ष्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से “स्वच्छ महू, स्वस्थ महू” के संकल्प को साकार करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles