मानपुर | द सोर्सेज़ प्रतिनिधि
पुलिस की वर्दी केवल अपराधियों पर कार्रवाई का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा, विश्वास और जागरूकता का संदेश भी देती है। इसी सोच को साकार करते हुए मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने एक सराहनीय पहल की। वे कन्या हाई स्कूल मानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, आत्मविश्वास और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने छात्राओं को ‘गुड टच और बैड टच’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूने का प्रयास करता है, छेड़छाड़ करता है या किसी भी प्रकार से मानसिक या शारीरिक रूप से परेशान करता है, तो ऐसी घटनाओं को छिपाने के बजाय तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को बताना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “चुप रहना समस्या का समाधान नहीं है। आपकी एक शिकायत आपको ही नहीं, कई अन्य बेटियों को भी सुरक्षित कर सकती है। पुलिस हर परिस्थिति में आपकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।”
कॉपी-पेन और बिस्किट वितरित कर बढ़ाया उत्साह
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे ने छात्राओं को कॉपी, पेन और बिस्किट भी वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि छात्राओं के साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास और अपनापन बढ़ाना था।
पुलिस और छात्राओं के बीच बढ़ा विश्वास
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी खुलकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका थाना प्रभारी ने सरल और सहज भाषा में जवाब दिया। उन्होंने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी में पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
क्षेत्र में पहली बार देखने को मिली ऐसी पहल
मानपुर थाना क्षेत्र में पहली बार किसी थाना प्रभारी द्वारा विद्यालय पहुंचकर छात्राओं के बीच इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिक्षा, सुरक्षा और संवेदनशीलता को जोड़ने वाली इस पहल की विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।
समाज के लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास का रिश्ता भी मजबूत करते हैं। अपराधियों के लिए सख्त और आम नागरिकों, विशेषकर बेटियों के लिए संवेदनशील पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से प्रेरणादायक है।




