महू। महू छावनी परिषद ने शहर में सार्वजनिक आवागमन को बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। परिषद की ओर से 14 जुलाई 2026 को एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर सभी संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई है कि वे फुटपाथ, नालियों एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर रखा गया अपना सामान, ठेले, गुमटियां, वाहन, मलबा या अन्य सामग्री तत्काल हटा लें।
जारी नोटिस में कहा गया है कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी हो रही है। ऐसे में संबंधित लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो छावनी परिषद द्वारा नियमानुसार कार्रवाई कर सामान जब्त किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान होने वाले नुकसान या व्यय की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि किसी व्यक्ति के पास न्यायालय या सक्षम प्राधिकारी का स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) है तो वह 24 घंटे के भीतर उसका लिखित प्रमाण परिषद कार्यालय में प्रस्तुत करे। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
छावनी परिषद ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील की है।




