सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन, यात्रियों को सफर के दौरान दिखेंगे प्राकृतिक नजारे
महू। यात्रियों की मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे द्वारा पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन को एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। ट्रेन का संचालन 22 अगस्त 2026 से प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को किया जाएगा। इस दौरान यात्री पातालपानी से कालाकुंड के बीच सफर करते हुए क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और मनोरम नजारों का आनंद ले सकेंगे।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अनुसार ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन पातालपानी से सुबह 11.05 बजे रवाना होकर दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन कालाकुंड से दोपहर 3.34 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे पातालपानी पहुंचेगी।
ट्रेन में दो एसी चेयरकार C1 और C2 तथा चार नॉन-एसी चेयरकार कोच D1, D2 और D3 शामिल रहेंगे।
एक दिशा के लिए अलग टिकट लेना होगा
हेरिटेज ट्रेन में आने और जाने के लिए यात्रियों को अलग-अलग टिकट लेना होगा। एक दिशा के सफर के लिए एसी चेयरकार का किराया 265 रुपये तथा नॉन-एसी चेयरकार का किराया 20 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
ट्रेन की बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू हो गई है। ट्रेन के ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी रेलवे की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन क्षेत्र में पर्यटन के लिहाज से खास आकर्षण का केंद्र है। ट्रेन के दोबारा शुरू होने से स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।




