महू में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज़ हवाओं, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने शहर में अफरा-तफरी जैसे हालात बना दिए। किशनगंज रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र में धूल का घना गुबार छा गया, जिससे सड़क पर दृश्यता काफी कम हो गई। तेज़ हवा के कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर धीमी गति से निकलना पड़ा।
वहीं महू-डोंगरगांव रोड पर तेज़ आंधी के चलते एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर पेड़ और टहनियां फैल जाने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑटो और छोटे वाहन सावधानी से रास्ता पार करते नजर आए।
अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज़ हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। कई क्षेत्रों में बिजली लाइनों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर गिरे पेड़ों को जल्द हटाने की मांग की है ताकि यातायात सामान्य हो सके।




