महू के किशनगंज थाना क्षेत्र में स्थित एम के होटल पर मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने फायर सेफ्टी और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम राकेश परमार, तहसीलदार विवेक सोनी, नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़ एवं पुलिस बल मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में कुछ लोग शराब का सेवन करते हुए पाए गए। संदेह के आधार पर तलाशी लेने पर यहां शराब की अवैध बिक्री होने की पुष्टि हुई। मौके की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आबकारी विभाग के उप निरीक्षक को बुलाया गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
इसके अलावा होटल में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग भी पाया गया, जो नियमों के खिलाफ है। इस पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संबंधित निर्देश जारी किए।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि होटल का कुछ निर्माण आबादी क्षेत्र की भूमि पर व्यावसायिक रूप से किया गया है। इस पर एसडीएम ने जनपद पंचायत के सीईओ को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




