महू।द सोर्सेज न्यूज़
सीसी रोड निर्माण के मूल्यांकन के नाम पर मांगी थी घूस, शिकायत के बाद ट्रैप में फंसी
लोकायुक्त इंदौर की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत डॉ. अंबेडकर नगर (महू) की उपयंत्री सावित्री मुवेल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत यशवंत नगर के सचिव रमेशचन्द्र चौहान ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत द्वारा 15वें वित्त आयोग के तहत 4 लाख 52 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। इस कार्य के भौतिक सत्यापन और माप पुस्तिका में मूल्यांकन दर्ज करने के एवज में उपयंत्री सावित्री मुवेल द्वारा 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद 10 अप्रैल 2026 को ट्रैप दल का गठन किया गया।
ट्रैप के दौरान टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी उपयंत्री को आवेदक से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में कार्यवाहक निरीक्षक रेनू अग्रवाल के नेतृत्व में आशुतोष मिठास, प्रधान आरक्षक प्रमोद यादव, आरक्षक शैलेंद्र बघेल, मनीष माथुर, श्रीकृष्णा अहिरवार तथा महिला आरक्षक गायत्री और अर्चना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




