महू वन परिक्षेत्र के आशापुरा बीट में एक दुखद घटना सामने आई, जहां दो वन्य जीवों के बीच संघर्ष में लगभग 2 वर्षीय मादा तेंदुए की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
इंदौर के डीएफओ, महू के नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़ और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नियमानुसार पंचनामा और अन्य जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मृत तेंदुए का अंतिम संस्कार किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई है। हालांकि, वन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच भी की जा रही है ताकि अन्य संभावित कारणों को भी खारिज किया जा सके।
मीडिया से बातचीत में डीएफओ ने बताया कि महू वन क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इसे देखते हुए विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
महुआ सीजन को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों से विशेष अपील की गई है कि वे सुबह के समय जंगल में जाने से बचें, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना से सुरक्षित रहा जा सके।




