महू के क्रिश्चियन कब्रिस्तान के सामने उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची, वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके का मुआयना किया और अवशेषों को कब्जे में लिया। बाद में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोवंश के अवशेषों का अंतिम संस्कार किया गया।
घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वहीं, इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।




