महू शहर के समीप स्थित बंडा बस्ती में शुक्रवार सुबह गोमांस और गोवंश अवशेष मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस द्वारा मौके पर कार्रवाई किए जाने के दौरान अचानक पथराव हो गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। उपद्रव के दौरान मौके पर खड़ी दो बाइकों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
जानकारी के अनुसार बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी थी कि बंडा बस्ती स्थित इमरान खटखट के बाड़े में गाय काटे जाने की आशंका है तथा वहां गोमांस और गोवंश अवशेष मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध मांस एवं अवशेष बरामद किए गए। पुलिस जब जब्ती कार्रवाई कर रही थी, उसी दौरान रेलवे ट्रैक की ओर से अचानक पथराव शुरू हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने भीड़ को मौके से हटाया और हालात पर काबू पाया। मामले में पुलिस ने बाड़ा मालिक इमरान खटखट सहित कादिर, हासिम और कल्ला के खिलाफ गोवंश प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं पथराव और तोड़फोड़ के मामले में भी अलग से एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।
एएसपी रुपेश द्विवेदी ने बताया कि बंडा बस्ती क्षेत्र से गोमांस बरामद हुआ है और मामले में चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान हल्का पथराव हुआ था, जिसे पुलिस ने तुरंत नियंत्रित कर लिया।
इधर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने संबंधित बाड़े को तोड़ने की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। बाद में कार्यकर्ता कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंचे, लेकिन अधिकारियों के नहीं मिलने पर महू-इंदौर रोड पर चक्काजाम की तैयारी करने लगे। इस दौरान एएसपी द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार, कोतवाली टीआई राहुल शर्मा, सिमरोल टीआई कुलदीप खत्री सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा।




