महू। देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी के कथित लीक होने का मामला सामने आने के बाद महू में हड़कंप मच गया। महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल परिसर में संचालित एक स्टेशनरी दुकान की संचालक सपना अग्रवाल पर आरोप है कि उसने आर्मी ऑफिसर्स से संबंधित महत्वपूर्ण डेटा ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे जवानों को बेच दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महू पुलिस ने सपना अग्रवाल और दुकान मालिक भूतपूर्व सैनिक नायक देवीलाल के खिलाफ अमानत में खयानत की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इन्फैंट्री स्कूल परिसर में स्थित स्टेशनरी दुकान पूर्व सैनिक नायक देवीलाल द्वारा संचालित की जाती थी। बाद में यह दुकान सपना अग्रवाल को संचालन के लिए दे दी गई। आरोप है कि दुकान के माध्यम से सेना अधिकारियों से जुड़ी गोपनीय जानकारी और दस्तावेज़ ट्रेनिंग कर रहे जवानों तक पहुंचाए गए। मामला सामने आने के बाद सैन्य क्षेत्र में भी हलचल मच गई।
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कुछ इलेक्ट्रॉनिक डेटा और दस्तावेजों के आदान-प्रदान की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि डेटा किस प्रकार का था और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और सैन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच में जुटी हुई हैं।
महू थाना पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में और तथ्य सामने आते हैं तो धाराएं बढ़ाई भी जा सकती हैं।




