20 लाख की फिरौती मांगने के लिए रची थी साजिश, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
बेटमा, इंदौर ग्रामीण। थाना बेटमा पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस युवक के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, वही खुद इस पूरे अपहरण कांड का मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 22 जून की रात फरियादी ने अपने पुत्र हुकमसिंह के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात बदमाशों ने युवक का अपहरण कर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बेटमा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि मामला सामान्य अपहरण का नहीं है।
जांच आगे बढ़ने पर सामने आया कि अपहृत युवक हुकमसिंह ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रची थी। उद्देश्य परिवार से फिरौती की रकम वसूलना था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना बेटमा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




