डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी और UPI फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय, 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत करने की अपील
महू। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार, 4 जुलाई 2026 को महू रेलवे स्टेशन पर ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर क्राइम जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत स्टेशन परिसर में QR कोड लगे ऑटो रिक्शा चालकों, कुलियों एवं वेंडरों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जागरूकता अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी फ्रॉड, UPI फ्रॉड तथा OTP साझा न करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने समझाया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, OTP या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर फ्रॉड होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखना रहा।




