महू(इंदौर)
पातालपानी से कालाकुंड के बीच चलने वाली प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेक स्पेशल ट्रेन अगस्त की शुरुआत में फिर से पटरी पर लौट सकती है। लंबे समय से यात्रियों और पर्यटकों के बीच लोकप्रिय इस हेरिटेज ट्रेक पर इस बार ट्रेन संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी, क्योंकि ट्रेक के उन्नयन और मरम्मत कार्य लगातार जारी हैं।
रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेक को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पश्चिम रेलवे के जीएम रामाश्रय पांडेय ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान डीआरएम अश्वनी कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने हेरिटेज ट्रेक की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा इंतजामों और संचालन संबंधी तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पातालपानी के नवनिर्मित स्टेशन भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने हेरिटेज भवन, यात्री प्रतीक्षालय और स्टेशन से जुड़े अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शेष कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। रेलवे अधिकारियों के इस दौरे के बाद हेरिटेज ट्रेन के जल्द संचालन की उम्मीद और मजबूत हो गई है।




