महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र के आशापुरा के पास हुआ हादसा, घायलों को इंदौर रेफर किया गया
महू। बड़गोंदा थाना क्षेत्र के आशापुरा के पास निर्माणाधीन गौशाला में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान तीन मजदूर बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए इंदौर के शासकीय अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशापुरा के समीप एक गौशाला का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान कार्य कर रहे तीन मजदूर अचानक विद्युत तार की चपेट में आ गए। हादसे में मुकेश यादव की मौत हो गई, जबकि पवन यादव और प्रेम यादव गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि हादसे के कारणों और बिजली का करंट किस परिस्थिति में फैला, इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आए।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




