नावदा गांव में तीन घंटे चला अभियान, जेसीबी से तोड़े पक्के निर्माण; जमीन पंचायत को सौंपकर पावर ग्रिड के लिए की जाएगी उपलब्ध
महू। महू तहसील के नावदा गांव में गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की 20 बीघा सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से टीन शेड, पक्के निर्माण और अस्थायी ढांचों को हटाया गया, वहीं कब्जे वाली जमीन पर खड़ी फसल को भी जमींदोज कर दिया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राकेश परमार ने बताया कि नावदा गांव की राजस्व भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग द्वारा मौके की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई। रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार को एसडीएम राकेश परमार के नेतृत्व में तहसीलदार विवेक सोनी, पटवारी, राजस्व अमला और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने बताया कि गांव के बदमाश हेमंत चौहान के परिवार के सदस्यों द्वारा सरकारी जमीन पर टीन शेड, पक्के निर्माण और अस्थायी ढांचे बनाकर कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान जेसीबी से सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। पूरा अभियान करीब तीन घंटे तक चला और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि कब्जा मुक्त कराई गई जमीन पंचायत को सौंप दी गई है। आगामी दिनों में इस भूमि को पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को पावर ग्रिड निर्माण के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।




