राजस्थान के युवक को किया गिरफ्तार, 1.40 लाख रुपये का माल जब्त; हथियार सप्लायर और खरीददार की तलाश जारी
महू। किशनगंज थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 अगस्त की देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर की छह अवैध देशी पिस्टल, नौ मैग्जीन, मोबाइल फोन और बैग सहित कुल 1 लाख 40 हजार 500 रुपये कीमत का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 10 अगस्त की देर रात संदिग्ध व्यक्ति मुकेश कुमार उर्फ मुक्कु (28), पिता विनोद कुमार, जाति नायक, निवासी ग्राम खोखरा बाली, थाना समेजा कोठी, तहसील अनूपगढ़, जिला श्रीगंगानगर (राजस्थान) को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसके बाद संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उसके लाल-काले रंग के बैग से 32 बोर की छह अवैध देशी पिस्टल और नौ मैग्जीन बरामद हुईं। इसके साथ ही रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी मिला। जब्त सामान की कुल कीमत 1,40,500 रुपये बताई गई है।
70 हजार रुपये में खरीदी थीं छह पिस्टल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी सतपाल नायक को अवैध पिस्टल देने के लिए खरगोन के सिंगनूर निवासी सिकलीगर उपकार सिंह चावला के संपर्क में आया था। आरोपी ने कथित तौर पर 70 हजार रुपये में छह अवैध 32 बोर पिस्टल और नौ मैग्जीन खरीदी थीं।
पुलिस के अनुसार मुकेश कुमार हथियार बनाने वाले सिकलीगर से पिस्टल खरीदकर अन्य लोगों तक पहुंचाता था। आरोपी द्वारा इससे पहले भी दो बार पिस्टलों की डिलीवरी किए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है।
राजस्थान और पंजाब में दर्ज हैं सात अपराध
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार उर्फ मुक्कु के खिलाफ राजस्थान और पंजाब में हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल सात अपराध दर्ज हैं।
मामले में सतपाल नायक और उपकार सिंह चावला फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। साथ ही अवैध हथियार बनाने वाले और हथियार मंगवाने वालों के संबंध में भी जांच जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक प्रशान्त उपाध्याय, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह सोलंकी तथा आरक्षक कमलेश बौद्ध, मांगीलाल और कपूर चौधरी की सराहनीय भूमिका रही।




