विशाल पत्रकार उत्सव समिति और डीपी कैंट हॉस्पिटल का संयुक्त आयोजन; 16 अक्टूबर को दांत और मुंह से जुड़े रोगों का होगा इलाज
महू। विशाल पत्रकार उत्सव समिति एवं डीपी कैंट हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के चौथे दिन हड्डी रोग से संबंधित मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में लगभग 100 लोगों का उपचार किया गया। वहीं, संवेदना स्कूल के लगभग 50 बच्चों का शिशु रोग विशेषज्ञ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया।
शिविर में हड्डी रोग से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इस दौरान डॉ. ऐश्वर्या अग्रवाल, डॉ. आमिर जौहर, डॉ. अली मेहंदी जौहर, डॉ. अनुपम श्रीवास्तव और डॉ. संदीप मोहंती सहित डीपी कैंट हॉस्पिटल के स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
अतिथियों ने की शिविर की सराहना
शिविर में ग्रामीण पुलिस महा उपनिरीक्षक मनोज सिंह, एसडीओपी ललित सिकरवार, टीआई पवन यादव एवं पत्रकार संघ अध्यक्ष विजय खंडेलवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने शिविर की गतिविधियों की जानकारी ली।
16 अक्टूबर को दांत और मुंह से जुड़े रोगों का होगा इलाज
स्वास्थ्य शिविर की अगली कड़ी में शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दांत एवं मुंह से संबंधित रोगों की जांच और उपचार किया जाएगा। शिविर में डॉ. हुमा कुरैशी, डॉ. नूपुर शुक्ला, डॉ. दर्पण नेनावा और डॉ. हनी शुक्ला अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस दौरान मरीजों को दांत एवं मुंह से जुड़ी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।
विशाल पत्रकार उत्सव समिति एवं डीपी कैंट हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह सात दिवसीय शिविर 18 अक्टूबर तक चलेगा। शिविर के माध्यम से शहर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।




