संयुक्त कार्रवाई में आधा एकड़ जमीन कब्जामुक्त, पांच मकान और पशु बाड़े ध्वस्त
महू। बंडा बस्ती में सैन्य भूमि पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को प्रशासन ने दूसरी बार बड़ा अभियान चलाया। यह कार्रवाई हाल ही में सामने आए गोवंश हत्या मामले के बाद की गई, जिसके चलते क्षेत्र को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।
सेना, रक्षा संपदा विभाग, छावनी परिषद, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम सुबह से ही मौके पर पहुंच गई थी। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के दौरान करीब आधा एकड़ सैन्य भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
कार्रवाई में अवैध रूप से बने लगभग पांच मकानों के साथ पशु बाड़ों को भी जमींदोज कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार संबंधित लोगों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे और निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सैन्य भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




