आशापुरा गांव के पास तेज रफ्तार कार मोड़ पर हुई अनियंत्रित; एक गंभीर घायल, जेसीबी से निकाले गए शव
महू। महू-मंडलेश्वर मार्ग पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आशापुरा गांव के पास रात करीब 10:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, मंडलेश्वर से महू की ओर आ रही कार (एमपी 43 सी 9299) तेज रफ्तार में थी। आशापुरा गांव के समीप एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार में सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान आदिल और अक्रांत, दोनों निवासी महू, के रूप में हुई है। दोनों शव कार में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




