महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र स्थित निसर्ग परिसर की घटना, सिर और चेहरे पर चोट के निशान; प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस
महू। बड़गोंदा थाना क्षेत्र के निसर्ग परिसर स्थित एक निर्माणाधीन फार्म हाउस पर काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से पुलिस हत्या की आशंका के साथ मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करते हुए घटनाक्रम के हर पहलू की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजू पुत्र वालसिंह बामनिया, निवासी मंडलेश्वर के रूप में हुई है। उसकी पत्नी निसर्ग परिसर स्थित निर्माणाधीन फार्म हाउस पर मजदूरी करती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला पिछले करीब एक वर्ष से वहीं काम करने वाले संतोष चौहान नामक व्यक्ति के साथ रह रही थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात राजू मंडलेश्वर से फार्म हाउस पहुंचा, जहां उसकी पत्नी और संतोष पहले से मौजूद थे। तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर राजू और संतोष के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान राजू के सिर पर किसी भारी वस्तु, संभवतः लोहे के सरिए से हमला किया गया, जिससे उसकी कनपटी और आंख के नीचे गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद तीनों वहीं सो गए। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे उन्होंने फिर साथ बैठकर शराब पी। बाद में राजू निर्माणाधीन फार्म हाउस के पास नीम के पेड़ के नीचे जाकर लेट गया। दोपहर करीब 3 बजे वहां खेल रहे बच्चों ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह अचेत मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल मध्यभारत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बड़गोंदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले ने बताया कि मृतक के सिर में अंदरूनी चोट होने की आशंका है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से संतोष चौहान फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
नोट: पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।




