Wednesday, April 22, 2026

Top 5 This Week

spot_img

फायरिंग रेंज के पास बम फटने से दो युवक घायल, निजी अस्पताल में इलाज जारी

महू। किशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति धाम कॉलोनी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सेना की फायरिंग रेंज के पास अचानक एक बम फट गया। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कमलेश पिता शिवनारायण सोलंकी (30) निवासी चिनार पार्क और सोहन पिता हरिओम सोलंकी (27) निवासी धार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सुबह के समय शौच के लिए फायरिंग रेंज के पास गए थे। लौटते समय अचानक विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को महू के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

परिजनों के मुताबिक, घटना इतनी अचानक हुई कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल डॉक्टरों द्वारा दोनों की हालत पर नजर रखी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही किशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि फायरिंग रेंज में उपयोग किए जाने वाले विस्फोटक का अवशेष होने से यह हादसा हुआ हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles