5 हजार का इनामी इमरान खटखट चोरल डेम के पास दबोचा गया, भागते समय घायल हुआ आरोपी
महू थाना पुलिस ने बंडाबस्ती में हुए चर्चित गोवंश वध मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश इमरान खटखट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को सूचना मिली थी कि थाना महू के अपराध क्रमांक 252/2026 में वांछित आरोपी इमरान खटखट चोरल डेम के पास देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड डाली। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी भागने लगा और अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिया से नीचे कूद गया।
फोर्स द्वारा पीछा कर नीचे पहुंचने पर आरोपी घायल अवस्था में मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम इमरान पिता अनवर खटखट, उम्र 38 वर्ष निवासी बंडा बस्ती महू बताया। पुलिया से कूदने के कारण उसके पैरों में चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 9 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)बी के तहत मामला दर्ज है।



