बंडाबस्ती क्षेत्र में सर्वे नंबर 666 स्थित रक्षा मंत्रालय की ए-1 श्रेणी की भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों और शेडों को हटाने के लिए सोमवार सुबह 11 बजे से संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा।
छावनी परिषद प्रशासन, रक्षा संपदा कार्यालय, सेना, पुलिस एवं जिला प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार करीब 35 हजार वर्गफीट से अधिक रक्षा भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। कार्रवाई से पहले 11 लोगों को नोटिस तामील किए जा चुके हैं।
प्रशासन ने संबंधित लोगों को निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर संयुक्त दल द्वारा मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा।




