Monday, July 27, 2026

Top 5 This Week

spot_img

बंडा बस्ती में प्रशासन का बड़ा एक्शन, सेना की जमीन से हटाए गए अवैध कब्जे,गोमांस कांड के बाद चला बुलडोजर

महू। सैन्य भूमि पर बने अवैध पशु बाड़ों और अन्य अतिक्रमणों को हटाने के लिए सोमवार सुबह 11:30 बजे बंडा बस्ती क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। सेना, रक्षा संपदा विभाग, कैंट बोर्ड, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया। अतिक्रमणकारियों को दो दिन पूर्व नोटिस जारी किए गए थे और नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

गौरतलब है कि पिछले महीने बंडा बस्ती स्थित इमरान खटखट के बाड़े से बड़ी मात्रा में गोमांस एवं गोवंश के अवशेष बरामद होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया था। उस दौरान पथराव की घटना भी हुई थी, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

पुलिस ने मामले में इमरान खटखट, कादिर, हासिम और कल्ला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी।

घटना के बाद बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों ने सैन्य भूमि पर बने अवैध पशु बाड़ों को हटाने की मांग की थी। जांच में यह पुष्टि हुई कि संबंधित बाड़े एवं अन्य निर्माण सैन्य भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए थे, जिसके बाद संबंधित विभागों ने अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी थी।

अधिकारियों के अनुसार लगभग एक एकड़ सैन्य भूमि पर 10 से अधिक लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। इस क्षेत्र में बने 10 से अधिक पशु बाड़ों, टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया जा रहा है। प्रशासन अन्य स्थानों पर सैन्य भूमि पर हुए अतिक्रमणों की भी पहचान कर रहा है।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है तथा अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles