बड़गोंदा पुलिस की कार्रवाई में 67.4 किलो गांजा बरामद, करीब 3 लाख रुपये आंकी गई कीमत; 41 वर्षीय मदन गिरवाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
महू। इंदौर ग्रामीण जिले के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजे के 210 हरे पौधे जब्त किए हैं। नाहरखोह, तेलनबुर्दी गांव में एक खेत में अरहर की फसल के बीच गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, जब्त पौधों का कुल वजन 67 किलो 400 ग्राम है, जबकि इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने मदन पिता बालूसिंह गिरवाल (41) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल की नारकोटिक्स शाखा द्वारा 27 अक्टूबर 2026 से मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आंबेडकर नगर महू के निर्देशन और उप पुलिस अधीक्षक ललित सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 29 अक्टूबर को बड़गोंदा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नाहरखोह, तेलनबुर्दी में एक व्यक्ति अरहर की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश वास्कले के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर खेत की जांच की, जहां गांजे के छोटे-बड़े हरे पौधे मिले।
210 पौधे, 67.4 किलो वजन
पुलिस ने खेत से गांजे के कुल 210 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 67 किलो 400 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी है। कार्रवाई के दौरान मदन पिता बालूसिंह गिरवाल, उम्र 41 वर्ष, निवासी ग्राम नाहरखोह, तेलनबुर्दी, थाना बड़गोंदा को मामले में आरोपी बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास गांजे की खेती करने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। जब्त पौधों के संबंध में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में बड़गोंदा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश वास्कले, सहायक उप निरीक्षक मिथुन ओसारी और प्रधान आरक्षक जगदीश डावर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक 3160 पंकज ओझा, प्रधान आरक्षक 3043 संतोष कछवाह, प्रधान आरक्षक 1629 प्रकाश सोनाने, आरक्षक 4374 जितेंद्र धनोरिया, आरक्षक 3914 रवि राजावत, आरक्षक 3310 मुलायम, आरक्षक 887 रवि तिवारी, आरक्षक 21 अंकित (एसएएफ), आरक्षक 795 रवि, सैनिक 278 कैलाश कोहली और आरक्षक 321 राजू वर्मा भी शामिल रहे।




