द इन्फैंट्री स्कूल महू की ओर से 8वीं इन्फैंट्री मैराथन का आयोजन; 21, 10 और 5 किमी की श्रेणियों में प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को बांटे ₹5.56 लाख से अधिक के नकद पुरस्कार
महू। पैदल सेना दिवस समारोह के अंतर्गत द इन्फैंट्री स्कूल, महू द्वारा 1 नवंबर 2026 को गैरीसन ग्राउंड में 8वीं इन्फैंट्री मैराथन (रणवीर 8.0) का भव्य आयोजन किया गया। ‘साझा कदम, सुदृढ़ बंधुत्व’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस मैराथन में भारतीय सेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
इस महा-दौड़ में सेना के अधिकारियों, जवानों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों सहित 6 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियों में दौड़ लगाई। आयोजन के दौरान धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए सेना के बैंड प्रदर्शन के साथ सेना के साजो-सामान की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
मैराथन के समापन पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण समारोह में 5.56 लाख रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि विजेताओं को दी गई। रणवीर 8.0 ने न केवल खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा दिया, बल्कि भारतीय सेना और आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सम्मान और आत्मीयता के रिश्ते को भी मजबूत करने का संदेश दिया।




