एक तिथि, एक पर्व, हो उत्सव, हो उत्कर्ष की थीम पर तैयार किया कैलेंडर; सितंबर से दिसंबर तक मनाए जाने वाले प्रमुख पर्वों की तिथियां की गईं निर्धारित
महू। महू विद्वत परिषद की ओर से आगामी पर्व एवं त्योहारों को लेकर सूचना पटल जारी किया गया है। परिषद के अनुसार सभी पर्वों की तिथियां सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के आधार पर निर्धारित की गई हैं। सूचना पटल में सितंबर से दिसंबर 2026 तक मनाए जाने वाले प्रमुख व्रत, पर्व एवं धार्मिक आयोजनों की तिथियां दी गई हैं।
जारी सूचना के अनुसार
11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत
परिषद के सूचना पटल के अनुसार 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत होगी। इसके बाद 18 अक्टूबर को महाअष्टमी, 19 अक्टूबर को महानवमी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी (दशहरा) मनाया जाएगा। 22 अक्टूबर को पापांकुशा एकादशी, 23 अक्टूबर को प्रदोष व्रत तथा 25 अक्टूबर को कोजागिरी पूर्णिमा और 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा व्रत रहेगा।
दीपावली और कार्तिक पर्वों की भी तिथियां तय
कार्तिक कृष्ण पक्ष में 29 अक्टूबर को करक चतुर्थी (करवा चौथ), 2 नवंबर को अहोई अष्टमी, 5 नवंबर को रमा एकादशी, 6 नवंबर को धनतेरस और 7 नवंबर को रूप चतुर्दशी निर्धारित की गई है। 8 नवंबर को दीपावली एवं लक्ष्मी पूजन तथा 9 नवंबर को सोमवती अमावस्या रहेगी।
इसके बाद 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट, 11 नवंबर को भाईदूज, 17 नवंबर को गोपाष्टमी एवं गो-पूजा और 18 नवंबर को आंवला नवमी मनाई जाएगी।
वहीं 20 नवंबर को देव प्रबोधिनी एकादशी एवं तुलसी विवाह, 21 नवंबर को एकादशी व्रत, 22 नवंबर को प्रदोष व्रत, 23 नवंबर को हरिहर मिलन व्रत तथा 24 नवंबर को देव दिवाली (गुरु नानक जयंती) निर्धारित की गई है।
दिसंबर में भी कई प्रमुख पर्व
मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष में 27 नवंबर को संकट चतुर्थी, 1 दिसंबर को कालाष्टमी, 4 दिसंबर को उत्पन्ना एकादशी, 6 दिसंबर को प्रदोष व्रत, 7 दिसंबर को मासिक शिवरात्रि और 8 दिसंबर को अमावस्या रहेगी।
इसके बाद 14 दिसंबर को मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी यानी श्री विवाह पंचमी, 16 दिसंबर को खरमास प्रारंभ, 20 दिसंबर को मोक्षदा एकादशी, 21 दिसंबर को प्रदोष व्रत, 23 दिसंबर को हरिहर मिलन व्रत और 24 दिसंबर को पूर्णिमा एवं गीता जयंती मनाई जाएगी।
विद्वत परिषद ने सूचना पटल के माध्यम से स्पष्ट किया है कि उपरोक्त अनुसार सभी प्रमुख पर्व एवं त्योहार मनाए जाएंगे तथा किसी अन्य स्थान की तिथि को मान्य नहीं माना जाएगा।




