महू। भीषण गर्मी और नौतपा के दौरान लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से संस्था निश्छल सेवा परिवार द्वारा सेवा कार्य निरंतर जारी है। संस्था की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग प्रकार के शीतल पेय राहगीरों को वितरित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठाकर शीतल पेय का आनंद ले रहे हैं।
स्थानीय शुक्ला टेंट हाउस पर आयोजित इस सेवा अभियान के तहत पहले दिन तरबूज, दूध और रूह अफजा से तैयार “मोहब्बत का शरबत” वितरित किया गया। इसके बाद क्रमशः गन्ने का रस, आमरस, केरी का पना, दही-बूंदी का रायता, छाछ, गुरुजी की ठंडाई और रसना सहित विभिन्न प्रकार के शीतल पेय लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
संस्था के समाजसेवी शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि नौतपा के दौरान यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है। इसके अलावा प्रत्येक अमावस्या पर भी संस्था द्वारा विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाकर वितरित किए जाते हैं। कंपनी बाग स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों में वितरण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि संस्था निश्छल सेवा परिवार से शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और सेवाभावी लोग जुड़े हुए हैं। संस्था का मुख्य उद्देश्य “नर सेवा ही नारायण सेवा है” के भाव को जन-जन तक पहुंचाना और जरूरतमंदों की सेवा करना है।




