20 चरणों में चलेगा प्रशिक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर रहेगा फोकस
महू में सोमवार 1 जून 2026 से सिंहस्थ-2028 को लेकर पुलिस विभाग का विशेष प्रशिक्षण सत्र शुरू किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ मेले के दौरान आने वाली चुनौतियों का प्रभावी तरीके से सामना करना, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करना है, ताकि किसी भी प्रकार की विपरीत परिस्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन अनुराग द्वारा किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण राजेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महू रूपेश कुमार द्विवेदी, एसडीओपी महू ललित सिकरवार, थाना प्रभारी महू राहुल शर्मा, किशनगंज थाना प्रभारी अमित भाभौर, बड़गौदा थाना प्रभारी प्रकाश वास्कले और मानपुर थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
जिलेभर के 550 पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रशिक्षण
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार शुरू किए गए इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में इंदौर ग्रामीण जिले के सभी परिषद कार्य कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कुल 20 सत्रों में होने वाले इस प्रशिक्षण में जिले के करीब 550 प्रशिक्षणार्थी शामिल होंगे। प्रशिक्षण अलग-अलग चरणों में संपन्न कराया जाएगा।
इस प्रशिक्षण में इंदौर ग्रामीण जिले के अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, उप पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।
महू से शुरुआत, देपालपुर-सांवेर सहित अन्य अनुभागों में भी होंगे सत्र
प्रशिक्षण कार्यक्रम अनुभागवार आयोजित किया जाएगा। पहला सत्र महू अनुभाग में शुरू हुआ है। इसके बाद देपालपुर, सांवेर और मुख्यालय अनुभाग में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक सत्र छह दिवस का होगा, जिसमें सिंहस्थ के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रारंभिक सत्र में टीओटी प्रशिक्षण प्राप्त निरीक्षक अरुण सोलंकी और निरीक्षक दीपक खत्री द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।



