महू। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पातालपानी स्थित अमर जवान स्मारक (अहिंसा पर्वत) पर रविवार को कारगिल विजय शौर्य दिवस श्रद्धा और गौरव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सेना के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्मारक पर पहुंचकर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और सलामी देकर उनके अदम्य साहस, बलिदान एवं राष्ट्रसेवा को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच भगोरा सुरेश वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित लोगों ने देशभक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शहीदों के सम्मान में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।
अपने संबोधन में सुरेश वर्मा ने कहा कि अशोक मेहता एवं श्रेयांश मेहता द्वारा निर्मित यह अमर जवान स्मारक देश का ऐसा अनूठा स्मारक है, जिसे पहली बार किसी निजी व्यक्ति द्वारा सैनिकों की स्मृति और सम्मान में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की भावना लेकर लौटे, यही इस स्मारक का उद्देश्य है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन चावड़ा ने की। मंच संचालन प्रकाश चौहान ने किया, जबकि अंत में कमल वर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रोहित यादव, मनोज बारिया, कार्तिक चावड़ा, दीपक चौहान, सुरेश डाबी, अरविंद वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



