महू। श्री मंडल रामायण मंडल की 18वीं कांवड़ यात्रा रविवार को आस्था और श्रद्धा के माहौल में जानापाव तीर्थ से प्रारंभ हुई। यात्रा का शुभारंभ सात पवित्र नदियों का जल कांवड़ में भरने, जनकेश्वर महादेव के जलाभिषेक तथा भगवान परशुराम के पूजन-अर्चन एवं संतों के आशीर्वाद के साथ हुआ। यात्रा नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन तथा भाजयुमो ग्रामीण जिलाध्यक्ष मनोज सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकाली जा रही है।
यात्रा में महू विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में महिला, युवा एवं शिवभक्त शामिल हुए। शिव भक्ति के जयघोषों के बीच निकली यात्रा में आकर्षक झांकियां, डीजे वाहन और घोड़े विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। यात्रा के संयोजक मनोज सिंह ठाकुर ने बताया कि यह कांवड़ यात्रा लगातार 18वें वर्ष आयोजित की जा रही है और इसके माध्यम से प्रतिवर्ष सामाजिक समरसता एवं जनहित का संदेश भी दिया जाता है।
जानापाव से जामली तक विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। रात्रि विश्राम जामली में हुआ, जहां भजन संध्या और भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान शिवभक्त देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर नितिनदास महाराज, पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष जीतू जिराती, चिंटू वर्मा, बलाई समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार सहित भाजपा एवं भाजयुमो के जिला और मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।




