महू। मध्य भारत अस्पताल की पुरानी इमारत में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ा हादसा टल गया, जब ग्राउंड फ्लोर के कॉरिडोर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। यह घटना फिजियोथेरेपी रूम और एक्स-रे रूम के बाहर हुई, जहां उस समय कई मरीज, उनके परिजन तथा नवजात शिशुओं को गोद में लेकर बैठी महिलाएं मौजूद थीं। संयोगवश छज्जा सीधे जमीन पर गिरा, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं आई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि छज्जा कुछ फीट इधर-उधर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार अस्पताल की पुरानी इमारत के कई हिस्से जर्जर हालत में हैं। पुरानी और नई बिल्डिंग के बीच गहरी दरारें दिखाई देती हैं और लंबे समय से मरम्मत या सुदृढ़ीकरण का कार्य नहीं कराया गया है। जिस स्थान पर छज्जा गिरा, वहां से अभी भी मिट्टी और मलबा झड़ रहा है, जिससे आसपास आने-जाने वाले मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल की जर्जर इमारतों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों ने प्रशासन से अस्पताल भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है।




