महू। श्री मंडल रामायण मंडल की 18वीं कांवड़ यात्रा सोमवार को महू से भगवान शिव के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच पिगडंबर स्थित शिव मंदिर के लिए रवाना हुई। इससे पहले कांवड़ यात्रा जानापाव तीर्थ से सात पवित्र नदियों का जल भरकर महू पहुंची थी। महू से निकली यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्त शामिल हुए, जिससे पूरा मार्ग भगवामय नजर आया।
यात्रा में आयोजक मनोज ठाकुर, बिट्टू ठाकुर सहित अन्य भोले भक्त अपने हाथों में कांवड़ लेकर श्रद्धा के साथ चलते दिखाई दिए। डमरू की धुन, भजन-कीर्तन और “हर-हर महादेव” के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ियों का स्वागत किया।
गौरतलब है कि श्री मंडल रामायण मंडल द्वारा यह कांवड़ यात्रा लगातार 18वें वर्ष आयोजित की जा रही है। जानापाव से प्रारंभ हुई इस यात्रा में पहले जनकेश्वर महादेव का जलाभिषेक, भगवान परशुराम का पूजन एवं संतों का आशीर्वाद लिया गया था। इसके बाद महू पहुंची कांवड़ यात्रा आज पिगडंबर के लिए रवाना हुई, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।




