Thursday, September 10, 2026

Top 5 This Week

spot_img

जन विश्वास अभियान: गांव-गांव पहुंचकर अधिकारियों ने परखी योजनाओं की गुणवत्ता

नेऊगुराडिया में आंगनवाड़ी, राशन दुकान और जनकल्याण शिविर का किया निरीक्षण, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश; पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के दिए निर्देश

महू। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को प्रशासन गांवों की चौपाल तक पहुंचा। संभागायुक्त दीपक सिंह भास्कर, कलेक्टर शिवम वर्मा एवं महू क्षेत्र की विधायक उषा ठाकुर ने ग्राम नेऊगुराडिया का दौरा कर विकास कार्यों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आंगनवाड़ी केंद्र, शासकीय उचित मूल्य की दुकान तथा जनकल्याण शिविर का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत गांव की वाटिका में पौधारोपण से हुई। इसके बाद संभागायुक्त, कलेक्टर एवं विधायक उषा ठाकुर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को मिलने वाली पोषण एवं शिक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने सुपरवाइजर एवं सीडीपीओ से चर्चा कर बच्चों के सर्वांगीण विकास, कुपोषण की स्थिति तथा संचालित गतिविधियों की समीक्षा की।

इसके बाद शासकीय उचित मूल्य की दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। गेहूं एवं चावल के स्टॉक, खाद्यान्न की गुणवत्ता, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की जांच की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

निरीक्षण के पश्चात संभागायुक्त, कलेक्टर एवं विधायक उषा ठाकुर क्षेत्रीय घाट पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। जन विश्वास अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी पूरे समय मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

जनकल्याण शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों एवं विधायक उषा ठाकुर ने ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ बिना विलंब उपलब्ध कराया जाए। शिविर में विभिन्न विभागों ने आवेदन प्राप्त कर शासन की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी संचालित की।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना, पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत महू क्षेत्र के विभिन्न गांवों में योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी समीक्षा लगातार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles