Thursday, September 10, 2026

Top 5 This Week

spot_img

महू में कविता पाटीदार के स्वागत की तैयारी, बैनर-पोस्टरों से पटा शहर

The Sources | महू

भाजपा की राज्यसभा सांसद एवं नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार के 25 अगस्त को महू आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। उनके स्वागत की तैयारियों के बीच पूरा महू शहर बैनरों, पोस्टरों और स्वागत संदेशों से पटा नजर आ रहा है। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर कविता पाटीदार के स्वागत के लिए लगाए गए होर्डिंग और बैनर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

कविता पाटीदार दिल्ली से इंदौर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यालय में स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर स्वागत करते हुए उन्हें पिंगडंबर तक लाया जाएगा। महू आगमन पर शाम करीब 4 बजे उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद कविता पाटीदार डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। फिर गल्र्स स्कूल चौराहा स्थित लोकमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। हरी फाटक से स्वागत रैली शुरू होगी, जो मोती चौक, फूल चौक, मार्केट चौक, धान मंडी, श्याम विलास चौराहा, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए चौपड़ा वाटिका पहुंचेगी। रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

रैली को भव्य बनाने की तैयारी

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्थानीय अभिलाषा गार्डन में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की रूपरेखा और स्वागत कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। सांसद प्रतिनिधि मोहनसिंह रघुवंशी ने रैली को भव्य स्वरूप देने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

रैली के प्रमुख मार्गों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे। चौपड़ा वाटिका में स्वागत समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

शहर में दिख रहा उत्साह

कविता पाटीदार के आगमन से पहले ही महू में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को बैनर-पोस्टरों और स्वागत संदेशों से सजा दिया है। जगह-जगह लगे स्वागत बैनर और पोस्टर उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह को बयां कर रहे हैं। मंगलवार को होने वाली रैली और स्वागत कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles