महू। शनिवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान के बाहर मोबाइल पर बात कर रहे अंशुल लोया (35), पिता रवि लोया, को सफेद कार सवार तीन लोगों ने एमसीटीई का रास्ता पूछने के बहाने कार में बैठाया और कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की। आरोपियों ने उसका मोबाइल जबरन अनलॉक करवाकर बैंक खाते से 22 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। उसकी घड़ी भी ले ली गई। घटना के बाद अंशुल को आंबाचंदन गांव के पास छोड़ दिया गया।
घटना के वक्त महू के एक होटल में अंशुल के दादा दामोदर लोया का सम्मान समारोह चल रहा था। बताया जा रहा है कि लायंस क्लब से जुड़े कार्यक्रम में उनका सम्मान किया जा रहा था। इसी दौरान अंशुल के साथ यह घटना हुई।
अंशुल के अनुसार, वह अपनी दुकान के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद कार में सवार एक व्यक्ति ने उससे एमसीटीई का रास्ता पूछा। उसने कहा कि उसे एमसीटीई नहीं मिल रहा है और अंशुल उसके साथ बैठकर रास्ता बता दे। अंशुल कार में बैठ गया।
कार ऑर्फियम टॉकीज की तरफ कुछ दूरी आगे पहुंची तो चालक ने कार रोक दी। इसी दौरान दो अन्य लोग पीछे की सीट पर आ गए। आरोप है कि तीनों ने अंशुल को सीट बेल्ट से बांधकर उसके साथ मारपीट की और कार सिमरोल रोड की तरफ ले गए।
अंशुल ने काफी संघर्ष किया। हालात बिगड़ते देख उसने आरोपियों से कहा कि उन्हें जो चाहिए ले लें और उसे छोड़ दें। इसके बाद एक आरोपी ने उसका मोबाइल कब्जे में लेकर जबरदस्ती लॉक खुलवाया और बैंक खाते की जानकारी ली। खाते में करीब 22 हजार रुपए मिलने पर आरोपियों ने एक नंबर पर पूरी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर करवा ली। इसी दौरान उसकी घड़ी भी ले ली गई।
रकम ट्रांसफर करवाने के बाद आरोपियों ने अंशुल को आंबाचंदन गांव के पास छोड़ दिया। वहां से उसने किसी तरह परिजनों से संपर्क किया। परिजन उसे लेकर महू पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस संभावित मार्ग के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास कर रही है। मामले में अपहरण की धारा में प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।




